उज्जैन में मिली लखनऊ के वकील की कार, विकास का कनेक्शन तलाश रही पुलिस

उज्जैन के महाकाल मंदिर से कुख्यात अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद लखनऊ के दो वकीलों को भी उज्जैन से पुलिस हिरासत में लिया गया है। ये दोनों वकील निजी गाड़ी से उज्जैन गए थे। पुलिस उनसे विकास दुबे से कनेक्शन की जांच कर रही है।

जब विकास दुबे पकड़ा गया तो उसके पास एक बैग था। सूत्रों के मुताबिक बैग में कुछ कपड़े, एक मोबाइल, उसका चार्जर और कुछ कागजात है। ये मोबाइल विकास का ही था। इसी मोबाइल से विकास दुबे ने कई लोगों से संपर्क किया था। सम्पर्क करने के बाद विकास फोन ऑफ कर लेता था और फिर फौरन अपनी जगह बदल लेता था।

कहा तो यह जा रहा था कि उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे सभी राज्यों की पुलिस विकास दुबे को लेकर हाई अलर्ट पर थी, बावजूद इसके वह कानपुर से दिल्ली होते हुए हरियाणा के फरीदाबाद शहर जा पहुंचा था। इसके बाद हरियाणा से मध्यप्रदेश तक आ गया। यहां पुलिस की चुस्ती और मुस्तैदी पर सवाल उठना लाजमी भी है। आखिर राज्यों की सीमा और टोल नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी और सीसीटीवी कैमरे क्या केवल खानापूर्ति के लिए लगे हुए थे।

लावारिस हालत में मिली गाड़ी

विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद पूरे उज्जैन में तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक गाड़ी मिली, जिस पर लखनऊ का नंबर और हाई कोर्ट लिखा था। पुलिस गाड़ी को थाने ले आई. इसके बाद गाड़ी को ढूंढते हुए दो लोग थाने पहुंचे और उन्होंने बताया कि यह मेरी गाड़ी है। उज्जैन के थाने में पहुंचे दोनों लोगों ने अपने आपको वकील बताया और कहा कि वो उज्जैन घूमने आए थे। इसके बाद दोनों वकीलों को पुलिस ने थाने में बैठा लिया है और पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि विकास दुबे इसी कार से उज्जैन आया है। फिलहाल दोनों वकीलों से पूछताछ की जा रही है।

Be the first to comment on "उज्जैन में मिली लखनऊ के वकील की कार, विकास का कनेक्शन तलाश रही पुलिस"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*